
Chandauli News: सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लापरवाही की पोल खोल दी। तीथापुर मोड़ के पास सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण बाइक सवार अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नंदलाल के रूप में हुई है, जो रात के समय अपने घर लौट रहे थे।
रेलवे कार्य की गिट्टी बनी हादसे की वजह
यह हादसा चतुर्भुजपुर-तुलसी आश्रम मार्ग पर पीथापुर गांव के पास हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क के बीचो-बीच पड़ी गिट्टी रेलवे पुल मरम्मत कार्य के लिए डाली गई थी, लेकिन काम के बाद इसे हटाया नहीं गया। इसी लापरवाही के चलते नंदलाल की बाइक गिट्टी पर चढ़ गई और संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे जा गिरे।
रात में और बढ़ जाता है खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि यह गिट्टी पिछले दो सप्ताह से सड़क पर पड़ी है और खासकर रात में हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। सामने से आने वाले वाहनों की तेज हेडलाइट के कारण बाइक सवारों को सड़क पर पड़ी गिट्टी दिखाई नहीं देती, जिससे वे दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मोड़ पर रोज छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत सड़क से गिट्टी हटाई जाए और जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने रेलवे विभाग से मांगी रिपोर्ट
सकलडीहा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और रेलवे विभाग से संपर्क कर ठेकेदार की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाएगा।
