
Ganga Expressway inaugurated: उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को हरदोई से 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब ₹36,230 करोड़ की लागत से तैयार यह मेगा प्रोजेक्ट राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
मेरठ से प्रयागराज अब सिर्फ 6 घंटे में
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से Meerut और Prayagraj के बीच यात्रा समय में बड़ा बदलाव आएगा। जहां पहले यह सफर 10 से 12 घंटे में पूरा होता था, वहीं अब यह दूरी लगभग 6 घंटे में तय की जा सकेगी। इससे न सिर्फ आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
‘मां गंगा का आशीर्वाद’, विकास और विरासत का संगम
प्रधानमंत्री मोदी ने इस परियोजना को “मां गंगा का आशीर्वाद” बताते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने कहा कि अब लोग कुछ ही घंटों में संगम पहुंचकर आस्था का लाभ ले सकेंगे और Kashi Vishwanath Temple में बाबा के दर्शन कर उसी दिन वापस लौट सकते हैं। साथ ही, उन्होंने एक्सप्रेसवे का नाम गंगा के नाम पर रखने के लिए राज्य सरकार की सराहना करते हुए इसे “विकास और विरासत का अद्भुत संगम” बताया।
बीमारू से ट्रिलियन डॉलर’की ओर बढ़ता यूपी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश को पिछड़ा और ‘बीमारू’ राज्य कहा जाता था, लेकिन अब वही राज्य तेजी से ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए युवाओं की क्षमता का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
विपक्ष पर निशाना, भाजपा की जीत का दावा
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विकास विरोधी और नारी विरोधी सोच के साथ राजनीति कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश में चल रहे चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है।
पश्चिम बंगाल मतदान का जिक्र, लोकतंत्र पर जोर
प्रधानमंत्री ने West Bengal में जारी मतदान प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस बार वहां निर्भीक माहौल में मतदान हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती को दर्शाता है।
‘डबल इंजन सरकार’ पर भरोसा, समय पर पूरा हो रहा काम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब वह दौर समाप्त हो गया है जब परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में अटकी रहती थीं। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ के तहत शिलान्यास के साथ ही तय समय सीमा में परियोजनाओं का लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा नया बूस्ट
गंगा एक्सप्रेसवे को राज्य के विकास के लिए गेमचेंजर प्रोजेक्ट माना जा रहा है। यह न केवल उत्तर प्रदेश के एक छोर को दूसरे से जोड़ेगा, बल्कि एनसीआर क्षेत्र की संभावनाओं को भी करीब लाएगा। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूती देगा।
