
PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। बरेका (BLW) से लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक प्रधानमंत्री का भव्य रोड शो निकला, जिसमें शहरभर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ढोल-नगाड़े, शंखनाद और पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छह अलग-अलग स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया।पूरे मार्ग पर ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के बीच काशी की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रधानमंत्री का काफिला बरेका से लहुराबीर की ओर बढ़ा, जहां हर जगह लोगों का उत्साह देखने लायक था।

बालकनियों और सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
पुलिस लाइन मार्ग पर स्थानीय लोग अपने घरों की बालकनियों और खिड़कियों से प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार करते नजर आए। करीब दो घंटे से अधिक समय तक लोग सड़क किनारे खड़े होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने को उत्सुक दिखे।
बनारस स्टेशन पर छात्रों का उत्साह, पोस्टर और उपहार भी लाए
बनारस रेलवे स्टेशन के सामने बने स्वागत प्वॉइंट पर छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में पहुंचे। उनके हाथों में प्रधानमंत्री के लिए संदेश लिखे पोस्टर थे और कुछ बच्चे उन्हें देने के लिए छोटे-छोटे उपहार भी साथ लेकर आए थे।
लहुराबीर पर NCC कैडेट्स और महिलाओं ने किया स्वागत
लहुराबीर चौराहे पर एनसीसी कैडेट्स और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया और स्वागत के बाद सभी काफी प्रसन्न नजर आए।
मंदिर में 51 ब्राह्मणों के बीच गूंजे मंत्र, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजी काशी
काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के पहुंचते ही डमरुओं की ध्वनि से उनका स्वागत किया गया। 51 ब्राह्मणों ने शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच उनका स्वागत किया, जबकि पूरे परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज उठे। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।

षोडशोपचार विधि से हुआ पूजन, पंडितों ने कराया अनुष्ठान
मंदिर के गर्भगृह में प्रधानमंत्री ने षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पंडित ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने उन्हें विधिवत पूजा कराई। प्रधानमंत्री ने दूसरी बार मंदिर में त्रिशूल और डमरू दिखाकर बाबा के भक्तों का अभिवादन भी किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर पल पर नजर
पूरे कार्यक्रम के दौरान काशी विश्वनाथ धाम परिसर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए थे। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।
