महंगे शौक पूरे करने के लिए चुराई बैटरियां! नहर किनारे चार युवक गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में बलुआ थाना पुलिस ने इनवर्टर बैटरी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को मरकनिया नहर की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा, जिनके कब्जे से चोरी की चार बड़ी इनवर्टर बैटरियां बरामद की गईं।

पानी टंकी से की थी चोरी, बेचने जा रहे थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 28 अप्रैल की रात पक्खोपुर स्थित जल निगम की पानी टंकी परिसर से बैटरियां चोरी की थीं। चोरी के बाद वे इन बैटरियों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

आरोपियों ने यह भी बताया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

चौकीदार के जाने का उठाया फायदा, ऐसे हुई वारदात

इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब 29 अप्रैल को टंकी पर तैनात चौकीदार प्रद्युम चौहान ने बलुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रात में पेट दर्द होने के कारण वह दवा लेने घर चले गए थे।

वापस लौटने पर टंकी की लाइट बंद मिली। शक होने पर जब उन्होंने जांच की, तो पाया कि क्लोरीन सिस्टम में लगी चारों बैटरियां चोरी हो चुकी थीं।

वाराणसी के रहने वाले हैं आरोपी, पुलिस ने किया खुलासा

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वाराणसी के विभिन्न इलाकों के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है। इनमें रामनगर निवासी जीतू चौहान और दीपक कुमार, अलीनगर निवासी सूरज पटेल तथा जैतपुरा निवासी रजत चौहान शामिल हैं।

बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का माल बरामद कर लिया गया है।

पुलिस टीम ने मिलकर की कार्रवाई

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में राजेश सिंह, यशवंत सिंह, सुग्रीव चौरसिया, रविंद्र प्रताप सिंह और अंकित कुमार शामिल रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *