
CM Gramodyog Rojgar Yojana: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना’ के तहत चंदौली जिले में युवाओं और इच्छुक उद्यमियों के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुल गए हैं। इस योजना के जरिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
कम ब्याज और आसान शर्तों पर मिलेगा ऋण
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लाभार्थियों को बेहद रियायती दरों पर ऋण दिया जाता है। सामान्य वर्ग के आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं वहन करना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह हिस्सा सिर्फ 5 प्रतिशत रखा गया है।

इसके अलावा, सामान्य वर्ग के उद्यमियों को ऋण पर केवल 4 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि शेष ब्याज सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं, आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों के लिए ब्याज का पूरा भार विभाग उठाएगा, जिससे उन्हें अतिरिक्त राहत मिलेगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लक्ष्य निर्धारित
खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चंदौली जिले में 10 इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य तय किया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना और बेरोजगारी को कम करना है
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियां विभिन्न प्रकार के उद्योग स्थापित करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। खासतौर पर वे लोग जो खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
इच्छुक आवेदक योजना के तहत आधिकारिक वेबसाइट www.upkvib.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, चंदौली (गंगा रोड, रमजी कटरा) में जमा करनी होगी।
समस्या होने पर यहां करें संपर्क
यदि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो आवेदक जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, चंदौली से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7703006951 जारी किया गया है।