Chandauli News: प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घायल युवक का एक आरोपी की प्रेमिका से लगातार बातचीत करना ही इस हमले की मुख्य वजह बना।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना दो दिन पहले हुई थी जब श्रवण जायसवाल नामक युवक पर 3 से 4 युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले के दौरान श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

जीटीआर ब्रिज के पास पुलिस ने दबोचे आरोपी

घटना की जांच में जुटी मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जीटीआर ब्रिज स्थित पानी टंकी के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हमले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि जायसवाल (23 वर्ष), निवासी शाहकुटी और निखिल कुमार गुप्ता (20 वर्ष), निवासी महेसुआ नई बाजार, सकलडीहा के रूप में हुई है।

प्रेमिका से बातचीत को लेकर था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घायल श्रवण जायसवाल लगातार निखिल गुप्ता की प्रेमिका से फोन पर बातचीत करता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।

निखिल इस बात से बेहद नाराज था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर श्रवण को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कई दिनों से हमले का मौका तलाश रहे थे।

घटना वाले दिन मौका मिलते ही आरोपियों ने श्रवण को घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिंद और सुरेंद्र कुमार की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *