
Chandauli News: चंदौली की शहाबगंज थाना पुलिस ने गजधरा गांव में हुए चर्चित हत्या मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अमरनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को तियरा गांव के पास से धारदार हथियार गड़ासा के साथ पकड़ा। आरोपी पर कोमल तिवारी की हत्या का आरोप है। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।
पत्नी को लेकर विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में अमरनाथ यादव ने बताया कि मृतक कोमल तिवारी उसकी पत्नी के बारे में बार-बार आपत्तिजनक बातें करता था। इसी बात को लेकर वह काफी नाराज था।
आरोपी ने मौका मिलने पर गड़ासे से हमला कर दिया, जिससे कोमल तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सिर पर गड़ासे से किया था हमला
यह घटना 30 अप्रैल की देर शाम शहाबगंज थाना क्षेत्र के गजधरा गांव के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कोमल तिवारी के सिर पर गड़ासे से वार किया था। हमले में उनका सिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुकदमे की जानकारी लेने जा रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी लगातार छिपकर रह रहा था। बाद में उसे जानकारी मिली कि उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो चुका है।
इसी मामले की जानकारी लेने के लिए वह रात में अपने गांव फत्तेपुर खुर्द जा रहा था। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तीन टीमों ने मिलकर की गिरफ्तारी
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने तियरा मार्केट से करीब 100 मीटर आगे लालपुर-शिवपुर गांव जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर खुर्द गांव निवासी अमरनाथ यादव के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने की बड़ी कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रियंका सिंह के साथ प्रेमचंद्र सिंह, संतोष सिंह, राजेंद्र नाथ सिंह, अजय पटेल और नीतू भारती शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल गड़ासा भी बरामद कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।