
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने शुक्रवार को नियामताबाद गांव के पास नदी पर बनने वाले पक्के पुल का शिलान्यास किया। करीब 1.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा।
बताया जा रहा है कि पुल का निर्माण संतोष जायसवाल के खेत के समीप कराया जाएगा। इसके बन जाने के बाद आसपास के करीब 10 गांवों के लोगों को सीधे आवागमन की सुविधा मिलेगी और वर्षों पुरानी परेशानी खत्म हो जाएगी।

आजादी के बाद पहली बार मिलेगा पक्का पुल
स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से इस इलाके में पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। अब तक लोगों को नदी पार करने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद पहली बार इस स्थान पर पक्का पुल बनने जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
विधायक बोले- जनता की मांग पर मिली मंजूरी
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि विधायक बनने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने उनसे कई बार लिखित रूप से पुल निर्माण की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने मौके का निरीक्षण कराया और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तैयार करवाई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव से मुलाकात कर इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई गई। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
‘शिलान्यास के साथ उद्घाटन भी करेंगे’
विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणा नहीं करती, बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारती भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुल जल्द बनकर तैयार होगा और सभी लोग मिलकर इसका उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आने वाले समय में कई नई परियोजनाएं भी शुरू होंगी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे ग्रामीण
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रधान सूरज सिंह, गंगाराम साहनी, सोमारू बिंद, कुंदन कनौजिया, सत्यप्रकाश बिंद, शंकर राम, चिंटू सिंह, सोनू सिंह और संजय कनौजिया सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।