अवैध पार्किंग पर चला पुलिस का डंडा, 539 वाहनों का चालान, 7 लाख से ज्यादा जुर्माना

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। अवैध पार्किंग, शराब पीकर वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने 539 वाहनों का चालान किया। इस कार्रवाई के तहत कुल 7.01 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।

यह विशेष अभियान आलमपुर, चंधासी कोयला मंडी और जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर चलाया गया। अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े 144 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि आठ वाहनों को सीज कर दिया गया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई

यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच भी की। जांच में शराब के नशे में वाहन चला रहे दो चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि सड़क पर लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

चंधासी कोल मंडी में हटाए गए ट्रक

अभियान के दौरान चंधासी कोल मंडी के सामने मुख्य सड़क पर खड़े ट्रकों को हटवाया गया। लगातार ट्रकों की आवाजाही से सड़क पर जमा कोयले की परत को भी यातायात टीम ने साफ करवाया, जिससे मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सके।

वाहन चालकों को किया गया जागरूक

कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से अपील की गई कि वे शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

सड़क दुर्घटनाएं रोकना अभियान का मुख्य उद्देश्य

सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *