
Chandauli News: अलीनगर थाना क्षेत्र के चकिया तिराहा स्थित एक बिरयानी दुकान पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत दो युवकों ने दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले दुकान संचालक के साथ मारपीट की, फिर दुकान में तोड़फोड़ करते हुए गल्ले से हजारों रुपये निकाल लिए।
घटना के दौरान दुकान पर काफी संख्या में ग्राहक मौजूद थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
तुरंत बिरयानी मांगने पर शुरू हुआ विवाद
दुकान संचालक इरफान के मुताबिक, रात के समय दुकान पर ग्राहकों की भीड़ थी और लगातार बिरयानी पैक की जा रही थी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और तुरंत बिरयानी देने की मांग करने लगे।
जब कर्मचारियों ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा, तो दोनों युवक गुस्से में आ गए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी।

दुकान में तोड़फोड़, बिरयानी भी फेंकी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दोनों युवकों ने दुकान में रखा सामान फेंक दिया और बाहर रखी बिरयानी भी बर्बाद कर दी। हंगामे के दौरान दुकान में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
इरफान ने आरोप लगाया कि इसी बीच दोनों युवक गल्ले में रखे करीब 7 से 8 हजार रुपये निकालकर भागने लगे।
बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा
हंगामा बढ़ता देख आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने की कोशिश की। पास की दुकान के शिवम ने जब बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।
शिवम का आरोप है कि एक युवक ने उसके हाथ पर काट लिया। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दोनों युवकों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार इस पूरे घटनाक्रम में तीन लोग घायल हुए हैं।
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।