चकिया में पुलिस एनकाउंटर! 5 लाख लूट का फरार बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस और एक फरार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार यादव के रूप में हुई है, जो हाल ही में हुए गोलू ज्वेलर्स लूटकांड में फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

गोलू ज्वेलर्स लूटकांड से जुड़ा है मामला

जानकारी के मुताबिक 27 मई को चकिया कोतवाली क्षेत्र के बसाढ़ी गांव स्थित गोलू ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई थी। बाइक सवार तीन बदमाश दुकान पर पहुंचे थे। दुकान संचालिका पूजा देवी के अनुसार, एक बदमाश ने गमछे से चेहरा ढक रखा था जबकि दो युवक खुले चेहरे में थे।

एक आरोपी ग्राहक बनकर चांदी की सिकड़ी देखने लगा। इसी दौरान दूसरे युवक ने दुकान का शटर गिरा दिया और अवैध कट्टा तथा पिस्टल दिखाकर महिला को धमकाया। बदमाशों ने कैश बॉक्स से करीब पांच लाख रुपये निकाल लिए।

महिला के शोर मचाने पर मौके पर पहुंची पुलिस

वारदात के दौरान दुकान संचालिका द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग और बैंक पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को बाइक समेत पकड़ लिया था, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से चांदी की सिकड़ी, 1600 रुपये नकद, अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए गए थे। इसके बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

गुरुवार सुबह पुलिस टीम फरार आरोपी मनीष कुमार यादव को लेकर बनरसिया गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल के पीछे असलहा बरामद करने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान आरोपी ने पहले से लोड किए गए असलहे से अचानक पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

बिहार का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश मनीष कुमार यादव बिहार राज्य के भभुआ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोडसर गांव का निवासी है। आरोपी के खिलाफ लूट और अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *