
Chandauli News: चंदौली में उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने साफ कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बिजली के तार बने खतरा, लोडेड ट्रकों पर मंडरा रहा हादसे का जोखिम
बैठक के दौरान रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 की सबसे गंभीर समस्या उठाई गई। उद्यमियों ने बताया कि यूपीसीडा द्वारा सीसी रोड निर्माण के बाद सड़क की ऊंचाई काफी बढ़ गई है, जबकि बिजली के खंभे और तार नीचे हो गए हैं। ऐसे में फैक्ट्री में आने-जाने वाले लोडेड ट्रकों का ऊपरी हिस्सा बिजली के तारों से टकराने की स्थिति में पहुंच जाता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को निर्देशित किया कि वह पुनः आगणन तैयार कर यूपीसीडा वाराणसी से समन्वय स्थापित करें और अगली बैठक से पहले समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
सड़क की चौड़ाई कम होने से जाम और परेशानी
रामनगर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने बैठक में बताया कि औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता लंका-अलीनगर मार्ग है, जो बेहद संकरा है। लगभग 900 मीटर लंबे इस मार्ग से भारी वाहनों और ट्रकों का संचालन बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटना की स्थिति बनती है।
उद्यमियों ने सड़क चौड़ीकरण की मांग उठाई। इस पर CDO ने उपायुक्त उद्योग और यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिया कि लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द प्राक्कलन स्वीकृत कराया जाए और चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया जाए।
औद्योगिक पार्क में जलजमाव से बढ़ा संक्रमण का खतरा
बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पार्क की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। उद्यमियों ने बताया कि पार्क में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। इससे आसपास की इकाइयों का वातावरण प्रदूषित हो रहा है और वहां काम करने वाले श्रमिकों में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।
इस मामले पर मुख्य विकास अधिकारी ने यूपीसीडा वाराणसी को निर्देश दिया कि पार्क का सौंदर्यीकरण और मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाया जा सके।
अधिकारियों को सख्त संदेश, अगली बैठक तक चाहिए परिणाम
मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने बैठक के दौरान स्पष्ट कहा कि औद्योगिक विकास जिले की अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और उद्यमियों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए और अगली बैठक तक जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई देने चाहिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी समेत कई संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।