चंदौली में सपा नेत्री गार्गी सिंह मारपीट केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को स्थानीय फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया गया।

यह मामला 28 मई का है, जब कुछ लोगों ने मढ़िया गांव स्थित सपा नेत्री गार्गी सिंह पटेल के निजी आवास में घुसकर उनके साथ मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। वीडियो में हमलावर महिला के बाल पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए दिखाई दे रहे थे, जिसे देखकर लोग सहम गए थे।

इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित सुजाबाद गांव निवासी अमित कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह घटना के समय मौके पर मौजूद था और मारपीट में शामिल था।

हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ के बावजूद अब तक मारपीट की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश जारी है।

मुगलसराय पुलिस की टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ अजय कुमार, रजनीश राय और हर्ष गोस्वामी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *