
Chandauli News: बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय, चंदौली के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवजात बेटियों के जन्म पर खुशी जाहिर करते हुए 15 बच्चियों को बेबी किट वितरित कर उनका स्वागत किया गया।
महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और बालिका सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं के अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

नवजात बेटियों को भेंट की गई बेबी किट
कन्या जन्मोत्सव के दौरान अस्पताल में जन्मी 15 नवजात बच्चियों को बेबी किट प्रदान की गई। इस अवसर पर अभिभावकों को बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला कल्याण विभाग की ओर से उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि बेटियों को समाज में समान अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कन्या सुमंगला योजना की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें अवगत कराया गया कि नवजात बालिकाओं के जन्म के बाद निर्धारित श्रेणियों के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि यह योजना बालिकाओं के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है, जिससे बेटियों का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बन सके।

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में उपस्थित परिवारों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। साथ ही महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर परिवार इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर श्रीमती रागिनी सिंह, अनीता नर्स, वन स्टॉप सेंटर की रीना त्रिपाठी सहित जिला चिकित्सालय के अन्य कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवजात बेटियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।