
Chandauli News: सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर दबंगई दिखाने, हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने तथा आपराधिक छवि बनाने वाले युवकों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चलाए गए ‘ऑपरेशन बज्रपात’ के तहत जिलेभर में 64 गैंग चिन्हित किए गए हैं। अभियान के दौरान 49 मुकदमे दर्ज किए गए और 187 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
पांच दिन चला विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि 1 जून से 5 जून तक जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय ऐसे समूहों की पहचान की गई जो गैंग के नाम से प्रोफाइल और ग्रुप बनाकर अपराधी छवि प्रस्तुत कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि कई युवक सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर रहे थे। कुछ मामलों में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, दबंगई और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री भी पोस्ट की जा रही थी।
कम उम्र के युवक भी मिले शामिल
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि चिन्हित किए गए कई गैंगों में बड़ी संख्या में कम उम्र के युवक शामिल थे। सोशल मीडिया के जरिए इन्हें गैंग संस्कृति की ओर आकर्षित किया जा रहा था और आपराधिक छवि को बढ़ावा दिया जा रहा था पुलिस ने ऐसे सभी अकाउंट और समूहों की निगरानी कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
64 गैंग चिन्हित, 49 मुकदमे दर्ज
ऑपरेशन बज्रपात के दौरान जिलेभर में कुल 64 गैंगों की पहचान की गई। कार्रवाई के तहत 49 मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि 187 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
युवाओं को दी चेतावनी
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर युवाओं को अपराध की राह पर ले जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे समूहों और गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अपराधी छवि बनाना या उसका प्रचार करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपराधी प्रवृत्तियों पर लगाम लगाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन बज्रपात का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपराध की दुनिया में जाने से रोकना और सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही गैंग संस्कृति तथा आपराधिक प्रवृत्तियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।