
Chandauli News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर योगमय वातावरण में बदल गया। आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षकों ने कराया योग और प्राणायाम का अभ्यास
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग को दैनिक जीवन में अपनाने के लाभों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी कार्यक्रम स्थल पर किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री की अहम भूमिका: अनिल राजभर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि योग आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत की इस प्राचीन परंपरा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में ऋषि-मुनियों, संतों और तपस्वियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और आज दुनिया के अधिकांश देश योग को अपना रहे हैं। मंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ जीवन में संतुलन भी प्रदान करता है।
योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन जीने की पद्धति
अनिल राजभर ने कहा कि योग को केवल व्यायाम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह एक ऐसी जीवनशैली है जो व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग करने की अपील की।
राजनीतिक सवाल पर सपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और देश सेवा के प्रति समर्पित लोग अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अभय सिंह, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा परिसर योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया।