
Chandauli News: सकलडीहा ब्लॉक क्षेत्र के रेवसा (धुस), पचफेड़वा, सोनकर बस्ती, बसरतिया और आसपास के गांवों के ग्रामीण सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर नाराज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 2.5 किलोमीटर लंबा मार्ग पिछले डेढ़ वर्ष से निर्माण की प्रतीक्षा कर रहा है, जबकि प्रतिदिन दो हजार से अधिक लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क अभी भी कच्ची है और बरसात शुरू होते ही इसकी स्थिति बेहद खराब हो जाती है। मार्ग पर कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। नाली न होने से गंदा पानी रास्तों और घरों के आसपास जमा हो जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
दो हजार से अधिक लोग रोजाना करते हैं आवागमन
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से किसान, छात्र, महिलाएं, बुजुर्ग और स्थानीय निवासी रोजाना गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण बच्चों को स्कूल जाने और किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में हालात और गंभीर हो जाते हैं।
विधायक से लेकर विभाग तक लगाई गुहार
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण के लिए कई बार प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग (PWD) से संपर्क किया गया। क्षेत्रीय विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव से भी रेवसा (धुस) से सोनकर बस्ती होते हुए बसरतिया तक सड़क और पक्की नाली निर्माण को प्राथमिकता सूची में शामिल कराने की मांग की गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार 14 अप्रैल 2025 को विधायक को आवेदन दिया गया था। इसके बाद 28 अप्रैल 2025 को विधायक ने अपने लेटरहेड पर लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे।
विभागीय जवाब से बढ़ी नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से मिले जवाब में कहा गया कि सड़क और नाली निर्माण का प्रस्ताव विधायक प्राथमिकता सूची में स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है। इसी कारण इसे सामान्य मांग मानते हुए कार्ययोजना में शामिल नहीं किया जा सका।
इस जवाब के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को कई बार समस्या बताने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
2023 से बदहाल है सड़क
रेवसा गांव निवासी अमरीश कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 से यह सड़क कच्ची पड़ी हुई है। बारिश के समय सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती है कि लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार सड़क और नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क और नाली निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान हजारों लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।