वाराणसी में फर्जी दरोगा गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर करता था लोगों से ठगी

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताने वाला एक युवक वाराणसी में लोगों पर रौब झाड़ता रहा। आरोप है कि वह सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये वसूलता था और पैसे वापस मांगने वालों को जेल भेजने की धमकी देता था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दोस्त को हुआ शक, पुलिस तक पहुंची शिकायत

मामला चोलापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी 22 वर्षीय राजन के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसे हिरासत में लिया गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच खुद को दरोगा बताता था। इसी दौरान उसने अपने एक परिचित को उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए। इस पर युवक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस पहुंची तो असली पुलिस पर ही झाड़ने लगा रौब

शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार, युवक ने वहां भी पुलिसकर्मियों पर अपना रौब जमाने की कोशिश की। हालांकि, टीम ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

नौकरी दिलाने का झांसा, पैसे वापस मांगने पर धमकी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से रुपये लेता था। जब कोई व्यक्ति नौकरी की प्रगति के बारे में पूछता या अपनी रकम वापस मांगता, तो वह खुद को पुलिस अधिकारी बताकर जेल भिजवाने की धमकी देता था। इसी डर की वजह से कई लोग उसके खिलाफ खुलकर सामने नहीं आए।

कई लोगों से संपर्क की आशंका, रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को नौकरी का झांसा दिया और कितनों से रुपये लिए।

इसके साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में ठगी के आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *