
Varanasi News : CM योगी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कार्यक्रम में आने वाले हर व्यक्ति की पूरी जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। महिलाओं की जांच केवल महिला पुलिसकर्मी ही करें।
सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के सभी इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और ‘नो टच पॉलिसी’ का पालन किया जाए।
ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था पर भी खास ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम स्थल के पास अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जबकि वीआईपी रूट पर किसी भी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। ट्रैफिक डायवर्जन योजना पहले से लागू रहेगी ताकि लोगों को जाम का सामना न करना पड़े।
ड्रोन उड़ाने पर रहेगा प्रतिबंध
सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट को नो फ्लाई जोन घोषित किया जाएगा। इस दौरान ड्रोन और अन्य उड़ने वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी और सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन निगरानी प्रणाली के जरिए लगातार नजर रखी जाएगी।
समय से पहले पहुंचेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस कमिश्नर ने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे तय समय से पहले अपनी ड्यूटी पर पहुंचें। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करें और आम लोगों के साथ शालीन व सहयोगपूर्ण व्यवहार रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
शहर में 7 और 8 जुलाई को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन कुछ समय के लिए बंद रहेगा, जबकि कई रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले एडवाइजरी देखकर ही घर से निकलने की अपील की है।
मैदागिन-गोदौलिया मार्ग रहेगा बंद
वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा के बीच सभी प्रकार के वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
- अमर उजाला तिराहा से टैम्पो, ट्रैवलर, आयोजक बसें और क्रूजर वाहनों को लहुराबीर और मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें लकड़ी मंडी की तरफ भेजा जाएगा।
- विशेश्वरगंज तिराहा से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने से रोका जाएगा और उन्हें गोलगड्डा तिराहा की तरफ मोड़ा जाएगा।
- राजघाट पुल से सूजाबाद की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों का संचालन वीवीआईपी मूवमेंट से दो घंटे पहले बंद रहेगा।
- लहुराबीर और मरीमाई तिराहा से तेलियाबाग और मैदागिन की ओर जाने वाले वाहनों को क्रमशः मलदहिया और गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
भोजूबीर, कचहरी और लहरतारा मार्ग पर भी बदलाव - भोजूबीर तिराहा, जेपी मेहता तिराहा और सेंट्रल जेल तिराहा के बीच वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को अर्दली बाजार और आशियाना चौराहा की ओर भेजा जाएगा।
- कचहरी चौराहा से सर्किट हाउस जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। इसी तरह लहरतारा, चांदपुर और मंडुवाडीह क्षेत्र में भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
- मोहनसराय अंडरपास से रोहनिया की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट से दो घंटे पहले अखरी की तरफ भेजा जाएगा।
- वहीं हरहुआ ओवरब्रिज पर बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड होते हुए परमानंदपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
ऑटो और ई-रिक्शा पर भी रहेगी रोक
वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान से दो घंटे पहले भोजूबीर तिराहा से कचहरी और चौकाघाट, चौकाघाट से लहुराबीर, मैदागिन और विशेश्वरगंज मार्ग पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
8 जुलाई के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान
- 8 जुलाई को भोजूबीर से जेपी मेहता तिराहा जाने वाले वाहनों को अर्दली बाजार की ओर भेजा जाएगा, जबकि जेपी मेहता तिराहा से भोजूबीर जाने वाले वाहनों को सेंट्रल जेल तिराहा की तरफ मोड़ा जाएगा।
- इसके अलावा कचहरी से सर्किट हाउस, गिलट बाजार से भोजूबीर, सब्जीमंडी से सिंधौरा अंडरपास और सिंधौरा अंडरपास से भोजूबीर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
- ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से वीवीआईपी रूट पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।