
Chandauli News: खरीफ सीजन के बीच किसानों को समय पर उर्वरक और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संयुक्त कृषि निदेशक, वाराणसी मंडल ने शुक्रवार को चंदौली जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, कृषि रक्षा कार्यालय, राजकीय कृषि बीज भंडार, बी-पैक्स छतेम (बरहनी) तथा निजी उर्वरक विक्रेता का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उर्वरक उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान संयुक्त कृषि निदेशक ने जिले में डीएपी, एनपीके और यूरिया समेत विभिन्न उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और निर्धारित समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बीज बिक्री से प्राप्त धनराशि समय पर जमा कराने के निर्देश
खरीफ 2026 के अंतर्गत वितरित किए गए सभी प्रकार के बीजों से प्राप्त धनराशि की समीक्षा करते हुए संयुक्त कृषि निदेशक ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी राजकीय बीज गोदामों की अलग-अलग समीक्षा कर शत-प्रतिशत धनराशि समय से सरकारी खाते में जमा कराई जाए।
कृषि रक्षा योजनाओं की प्रगति भी परखी
निरीक्षण के दौरान कृषि रक्षा योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई। संयुक्त कृषि निदेशक ने उपलब्ध बजट के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संकर मक्का बीज वितरण का लिया जायजा
सरकार द्वारा संकर बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजना के तहत सदर राजकीय कृषि बीज भंडार पर लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया गया। यहां किसानों को वितरित किए जा रहे हाइब्रिड मक्का बीज की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान किसान कल्लू तिवारी, श्रीमती निर्मला देवी एवं वीरेन्द्र कुमार मौजूद रहे। संयुक्त कृषि निदेशक ने किसान कल्लू तिवारी को ज्वार मिनीकिट बीज भी वितरित किया और किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
बी-पैक्स केंद्र पर उपलब्ध मिला पर्याप्त उर्वरक स्टॉक
इसके बाद संयुक्त कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी ने बी-पैक्स छतेम, विकासखंड बरहनी का निरीक्षण किया। मौके पर बी-पैक्स कर्मचारी अभिषेक कुमार यादव एवं एडीओ कोऑपरेटिव उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि केंद्र पर वर्तमान में-
- DAP – 13.45 मीट्रिक टन
- NPK – 12.75 मीट्रिक टन
- यूरिया – 16 बोरी
उपलब्ध है। निरीक्षण के समय किसान प्रकाश, जितेन्द्र कुमार सिंह, महावीर सिंह, सुनील कुमार और राहुल सिंह उर्वरक लेने के लिए केंद्र पर मौजूद थे।
निजी उर्वरक विक्रेता का भी किया निरीक्षण
संयुक्त कृषि निदेशक ने सैयदराजा स्थित शुभम इंटरप्राइजेज नामक निजी उर्वरक विक्रेता के प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक, अभिलेखों एवं वितरण व्यवस्था की जांच कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सरकारी और निजी दोनों स्तरों पर लगातार निगरानी जारी रहेगी।