दिव्यांगों के लिए खुशखबरी! 28 जुलाई से हर ब्लॉक में लगेंगे विशेष शिविर, मुफ्त मिलेंगे कृत्रिम अंग

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग 28 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक विकास खंड स्तर पर विशेष चिन्हांकन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार उन्हें निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

ब्लॉक स्तर पर आयोजित होंगे विशेष शिविर

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में चरणबद्ध तरीके से वृहद चिन्हांकन शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में दिव्यांगजनों का चिन्हांकन, पंजीकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जानिए कब और कहां लगेगा शिविर

  • 28 जुलाई 2026 – विकास खंड बरहनी
  • 30 जुलाई 2026 – विकास खंड चहनियां
  • 04 अगस्त 2026 – विकास खंड चकिया
  • 06 अगस्त 2026 – विकास खंड चंदौली
  • 10 अगस्त 2026 – विकास खंड धानापुर
  • 12 अगस्त 2026 – विकास खंड नौगढ़
  • 14 अगस्त 2026 – विकास खंड नियामताबाद
  • 17 अगस्त 2026 – विकास खंड शहाबगंज
  • 20 अगस्त 2026 – विकास खंड सकलडीहा

इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें

शिविर में पंजीकरण कराने के लिए दिव्यांगजनों को निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने होंगे—

  • आधार कार्ड
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • यूडीआईडी (UDID) कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाण पत्र
  • आय प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • चालू मोबाइल नंबर

मुफ्त मिलेंगे कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि शिविर में पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करने के बाद आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने जिले के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विकास खंड में निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचकर पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं और आवश्यक सहायक उपकरणों का लाभ मिल सके।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *