
Chandauli News: चंदौली में गो तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शनिवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। गाजीपुर बॉर्डर स्थित गंगा पुल पर पुलिस ने गोवंशों से लदी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार तस्कर भागने लगे। पुलिस से बचने की कोशिश में दो आरोपियों ने करीब 32 फीट ऊंचे पुल से छलांग लगा दी। इस दौरान एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पिकअप से 11 गोवंश बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान भागने लगे तस्कर
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे बलुआ थाना क्षेत्र में गाजीपुर सीमा पर स्थित गंगा पुल पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोवंशों से भरी एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन में सवार तीनों तस्कर घबरा गए और गाड़ी छोड़कर भागने लगे।
32 फीट ऊंचे पुल से लगाई छलांग
भागने के दौरान दो तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गंगा पुल से नीचे छलांग लगा दी। छलांग के दौरान एक आरोपी का सिर पत्थर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे आरोपी का कूल्हा टूट गया और उसके कंधे में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहानियां पहुंचाया।
अस्पताल ले जाते समय एक तस्कर की मौत
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आरोपी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान काजू के रूप में हुई है। घायल आरोपी शिवांशु कुमार का इलाज जारी है। वहीं तीसरे आरोपी शक्ति कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
11 गोवंश बरामद, गोशाला भेजे गए
पुलिस ने तस्करों की पिकअप से 11 गोवंश बरामद किए। सभी गोवंशों को सुरक्षित निकालकर नजदीकी गोशाला भेज दिया गया है। बरामद वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपी आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ गो तस्करी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से गो तस्करी के धंधे में सक्रिय थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।