
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने अवैध कोडिन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अलीनगर थाना पुलिस ने बुधवार को महादेवपुर अंडरपास के पास से मुख्य आरोपी दयाशंकर सिंह को दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
22 जुलाई को मिला था लावारिस ट्रक, 720 लीटर कोडिन सिरप हुआ था बरामद
मामला 22 जुलाई का है, जब अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक लावारिस ट्रक बरामद किया था। ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस के भी होश उड़ गए।
मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई 72 पेटियों से 7,200 शीशी (करीब 720 लीटर) अवैध कोडिन कफ सिरप और एस्कफ सिरप बरामद किया गया था। बरामदगी के बाद अलीनगर थाने में एनडीपीएस और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया मास्टरमाइंड का नाम
पुलिस जांच में फिरोजाबाद जिले के मतसेना थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी दयाशंकर सिंह का नाम तस्करी के मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
महादेवपुर अंडरपास के पास पुलिस ने दबोचा
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अलीनगर पुलिस ने बुधवार को महादेवपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पूछताछ में आरोपी ने खोले कई अहम राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाराणसी से गुवाहाटी जा रहे मुर्गी दाने के ट्रक में प्रयागराज के पास कोडिन युक्त कफ सिरप की खेप छिपाकर लोड की गई थी। इसके बाद इस खेप को पश्चिम बंगाल पहुंचाया जाना था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि 22 जुलाई को पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह मौके से फरार हो गया था, जबकि ट्रक पुलिस के कब्जे में आ गया था।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अलीनगर थानाध्यक्ष गगन राज सिंह, अनिल कुमार सिंह और अमित कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।