
Chandauli Traffic Alert: सावन मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस ने तीन दिनों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था 1 अगस्त की रात 8 बजे से 4 अगस्त की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान वाराणसी, मुगलसराय, रामनगर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि कई मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों के लिए बदला गया रूट
पुलिस विभाग की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, चंदौली से वाराणसी जाने वाले सभी भारी एवं मालवाहक वाहनों को आलमपुर अंडरपास से डायवर्ट कर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) के रास्ते अखरी बाईपास होते हुए वाराणसी भेजा जाएगा।
इसी तरह बिहार, चंदौली और बबुरी की ओर से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें वाराणसी जाना है, उन्हें गोधना चौराहा से सीधे एनएच-19 की ओर मोड़ दिया जाएगा।
पीडीडीयू नगर और पड़ाव क्षेत्र में दबाव कम करने की तैयारी
अलीनगर और चंदौली की ओर से आने वाले वाहनों को चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद चौराहा) से गोधना चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसका उद्देश्य पीडीडीयू नगर और पड़ाव क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम करना है।
वहीं पीडीडीयू नगर से पड़ाव होकर वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को रामनगर मार्ग से होते हुए एनएच-19 और अखरी बाईपास की ओर भेजा जाएगा।
जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर जाने वाले कार, छोटे और मालवाहक वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जाने की व्यवस्था की गई है, ताकि मुख्य मार्गों पर भीड़ कम रहे।
इन स्थानों पर भारी वाहनों की रहेगी पूरी तरह नो-एंट्री
डायवर्जन अवधि के दौरान कटरिया तिराहा से रामनगर-पड़ाव की ओर ट्रक और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा रामनगर से मुगलसराय जाने वाले वाहनों को शाहूपुरी तिराहा से एफसीआई तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा।
वहीं लंका मैदान तिराहा पर हाईवे से आने वाले भारी वाहनों को पड़ाव की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें वहीं रोक दिया जाएगा।
यात्रियों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलें। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम कांवड़ यात्रा और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लागू की गई है।