आज से गूंजेगा ‘जय श्रीराम’! विश्व प्रसिद्ध रामनगर रामलीला का भव्य आगाज

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: काशी और दुनिया भर के रामभक्तों की प्रतीक्षा आज समाप्त होने जा रही है। विश्व प्रसिद्ध रामनगर रामलीला का विधिवत शुभारंभ आज श्री गणेश पूजन के साथ होगा। सदियों पुरानी इस परंपरा के तहत पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ लीला की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।

प्रथम दिवस पर पंच स्वरूपों, गुरु वशिष्ठ और संकटमोचन हनुमान जी का वैदिक विधि-विधान से पूजन एवं आह्वान किया जाएगा। परंपरा के अनुसार नए पीढ़े पर भगवान गणेश और हनुमान जी के मुखौटे स्थापित कर विशेष पूजा की जाती है।

पूजन के दौरान एक ओर रामलीला के मंच और पुतलों के निर्माण में प्रयुक्त औजार जैसे ब्रश, बंसुला और कैंची रखकर कला और शिल्प का सम्मान किया जाता है, वहीं दूसरी ओर लाल वस्त्र में लिपटी रामलीला की पावन पोथी की पूजा-अर्चना की जाती है।

आज से ही रामलीला के पात्रों का नियमित अभ्यास भी प्रारंभ होगा। रामलीला व्यास पंच स्वरूपों को संवाद अदायगी, हाव-भाव और परंपरागत अनुशासन का प्रशिक्षण देंगे, ताकि वे मंच पर भगवान के स्वरूप का जीवंत प्रस्तुतीकरण कर सकें।

रामनगर रामलीला के शुभारंभ को लेकर रामनगर, वाराणसी और देश-विदेश से जुड़े रामभक्तों में विशेष उत्साह है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपरा के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *