
Chandauli News: चंदौली के पीडीडीयू नगर स्थित रेलवे कॉलोनी में चोरों ने ट्रेन मैनेजर के सरकारी क्वार्टर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए बदमाश सवा लाख रुपये नकद, करीब सात लाख रुपये के जेवरात और लैपटॉप लेकर फरार हो गए। घटना के समय ट्रेन मैनेजर ड्यूटी पर थे, जबकि घर में उनकी पत्नी और बेटी सो रही थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, फ्रिज से निकाली अलमारी की चाबी
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 379/ईएफ में रेलवे के ट्रेन मैनेजर आनंद कुमार परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार रात वह ड्यूटी पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी रंजू कुमारी और बेटी रिचा मौजूद थीं।
बताया गया कि देर रात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने पहले फ्रिज में रखी अलमारी की चाबी तलाश ली और फिर आराम से अलमारी खोलकर नकदी और कीमती सामान समेट लिया।
सवा लाख नकद, सात लाख के जेवर और लैपटॉप ले गए बदमाश
चोर घर से करीब 1.25 लाख रुपये नकद, दो जोड़ी सोने के झुमके, दो सोने की अंगूठियां, सोने की चेन, चांदी की दो जोड़ी पायल, नथिया समेत लगभग 7 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और एक लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
वारदात के दौरान घर में मौजूद पत्नी और बेटी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सुबह खुली आंख तो बिखरा पड़ा था सामान
शनिवार सुबह जब रंजू कुमारी की नींद खुली तो उन्होंने घर का दरवाजा खुला देखा। बाहर निकलने पर बरामदे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। चोरी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा पर उठे सवाल
रेलवे अधिकारियों के सरकारी आवास में हुई इस बड़ी चोरी ने रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।