कैंसर हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद कैंसर मरीज ने उठाया खौफनाक कदम, चौथी मंजिल से कूदकर दी जान

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। कैंसर का इलाज करा रहे एक मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

एक महीने से चल रहा था कैंसर का इलाज

मृतक की पहचान 35 वर्षीय रामेश्वर कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र स्थित मोहजम्मा गांव का निवासी था। रामेश्वर पिछले करीब एक महीने से महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में भर्ती होकर कैंसर का उपचार करा रहा था।

ऑपरेशन के अगले दिन उठाया खौफनाक कदम

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रामेश्वर कुमार का शनिवार को ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद वह अस्पताल के आईपीडी वार्ड नंबर-4 में भर्ती था। सोमवार देर रात करीब 12:50 बजे वह वार्ड से निकलकर चौथी मंजिल पर पहुंचा और वहां से नीचे छलांग लगा दी।

नीचे गिरने की तेज आवाज सुनते ही अस्पताल के कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम अस्पताल पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है।

आत्महत्या के कारणों की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों और अस्पताल प्रशासन से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मरीज के इलाज, मानसिक स्थिति और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

हर पहलू से जांच करेगी पुलिस

चितईपुर पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *