पति से अलग कराया, 20 दिन तक बनाया बंधक! वाराणसी में युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवती से दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि युवक ने पहले युवती को प्रेम संबंधों में उलझाया, फिर उसे पति से अलग कराया और अपने साथ रखकर लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जौनपुर में पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की पहचान

लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी गांव निवासी राहुल शिवआसरे सिंह के रूप में हुई है। पीड़िता जौनपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां रहकर कक्षा 6 से 12वीं तक पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी राहुल से पहचान हुई, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई।

पढ़ाई पूरी होने के बाद युवती अपने घर लौट आई, जहां परिवार ने उसकी शादी फूलपुर क्षेत्र में कर दी। दूसरी ओर राहुल की भी शादी उसके परिवार वालों ने दूसरी जगह कर दी थी। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा, जिसे लेकर पहले विवाद हुआ था। उस समय पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों में समझौता भी कराया गया था।

पति से अलग कराया, फिर अपने साथ रखने लगा

पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि राहुल ने उसे बहला-फुसलाकर पति से अलग होने के लिए तैयार किया और अपने साथ रहने लगा। पिछले करीब 20 दिनों से वह आरोपी के साथ रह रही थी।

इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर युवती किसी तरह लक्सा थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

तहरीर मिलते ही पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लक्सा पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

सोनिया रोड से दबोचा गया आरोपी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल शिवआसरे सिंह को वाराणसी के सोनिया रोड इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है और फिलहाल अपने घर पर रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने खुद को राजनीतिक रसूख वाला बताकर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी

लक्सा थाना पुलिस का कहना है कि मामले में दर्ज सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने युवती को किन परिस्थितियों में अपने साथ रखा और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *