मुकदमा दर्ज करने में देरी पर गिरी गाज, इलिया थाना प्रभारी और हल्का इंचार्ज की जांच शुरू

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में मारपीट के एक मामले में थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया के जरिए थाना इलिया क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुरवा में 12 अप्रैल को हुई मारपीट की घटना में मुकदमा दर्ज न करने के आरोप सामने आए थे, जिसे एसपी ने गंभीरता से लिया।

मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने इलिया थाना प्रभारी और संबंधित हल्का इंचार्ज की भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्राधिकारी चकिया को दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि थाना स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। आरोप है कि घटना के बाद समय पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, बल्कि देरी से हल्की धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसे एसपी ने गंभीर लापरवाही मानते हुए नाराजगी जताई है।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया है कि इस प्रकरण में सुसंगत और कठोर धाराएं बढ़ाई जाएं, ताकि आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर मामलों को हल्के में लेने या धाराओं को कमतर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इसके साथ ही एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि मारपीट समेत सभी संवेदनशील मामलों में तत्परता और गंभीरता बरती जाए। प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ALSO READ – चंदौली को बड़ी सौगात: रोडवेज बस स्टैंड निर्माण को कैबिनेट की मंजूरी, जल्द शुरू होगा काम


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *