चंदौली के KG नंदा हॉस्पिटल में युवक से मारपीट का आरोप, डॉक्टर पर भी धमकी देने का केस

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के KG नंदा हॉस्पिटल में एक युवक के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अस्पताल के गार्ड और डॉक्टर पर मारपीट, धमकी और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।

बरथरा निवासी युवक के अनुसार, वह पिछले दस दिनों से अपनी रिश्तेदार का इलाज कराने के लिए अस्पताल आ-जा रहा था। शनिवार को जब उसकी रिश्तेदार को डॉक्टर के चेंबर में बुलाया गया, तो वह भीतर चली गई, लेकिन गार्ड ने युवक को बाहर ही रोक दिया। युवक ने खुद को तीमारदार बताते हुए अंदर जाने की अनुमति मांगी, जिस पर गार्ड ने कथित रूप से उसका हाथ पकड़कर धक्का दे दिया और विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस घटना की शिकायत डॉक्टर से की, तो डॉक्टर ने उल्टा उसे ही धमकाया और अपशब्द कहे। इतना ही नहीं, युवक का दावा है कि डॉक्टर ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल दिखाते हुए उसे डराने की कोशिश की।

घटना से आहत युवक पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, लेकिन उस समय समाधान दिवस होने के कारण अधिकारी उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद उसने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।

युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि इलाज और जांच के नाम पर उससे करीब 40 हजार रुपये वसूले गए। इस संबंध में कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि अस्पताल के गार्ड और डॉक्टर के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि KG नंदा हॉस्पिटल पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ माह पूर्व राज्य महिला आयोग की एक सदस्य के साथ अस्पताल में कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। हालांकि उस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन बाद में कार्रवाई ठंडी पड़ गई थी।

ALSO READ – महिला आरक्षण बिल पास न होने पर पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, मांगी देश की महिलाओं से माफी


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *