
Chandauli News: चंदौली सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा चतुर्भुजपुर-तुलसी आश्रम मार्ग पर पीथापुर गांव के पास हुआ, जहां बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
मृतक की पहचान बलुआ थाना क्षेत्र के महराजगंज गांव निवासी नंदलाल के रूप में हुई है। सोमवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे एक बाइक और पास में पड़े युवक को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, नंदलाल अपनी पत्नी पूजा को उसके मायके फुल्ली छोड़ने के बाद वापस घर लौट रहा था। रविवार शाम वह घर से निकला था और पत्नी को छोड़कर तुलसी आश्रम बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीथापुर मोड़ के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नंदलाल पेशे से राजगीर मिस्त्री था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में माता-पिता, भाई, पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि यदि समय रहते किसी को हादसे की जानकारी मिल जाती, तो संभव है कि उसकी जान बचाई जा सकती थी। रातभर शव सड़क किनारे पड़ा रहने से स्थिति और दर्दनाक हो गई। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
