Chandauli News: खेत तालाब पर 50% सब्सिडी का मौका, किसानों को ₹52,500 तक अनुदान- ऐसे करें आवेदन

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में किसानों को जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा मजबूत करने के लिए बड़ा अवसर दिया गया है। ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के तहत खेत तालाब निर्माण पर सरकार 50 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। इस योजना के जरिए किसान अपने खेत में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचयन कर सकेंगे और खेती की लागत भी कम कर पाएंगे।

12 तालाब का लक्ष्य, श्रेणी के अनुसार तय हुआ कोटा

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में कुल 12 लघु तालाब बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 10 तालाब सामान्य श्रेणी और 2 तालाब अनुसूचित वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं।

हर तालाब का आकार 22x20x3 मीटर तय किया गया है, जिससे पर्याप्त जल संचयन संभव हो सके।

₹52,500 तक अनुदान, दो किस्तों में मिलेगा पैसा

योजना के तहत प्रति लाभार्थी अधिकतम ₹52,500 का अनुदान दिया जाएगा, जो सीधे किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजा जाएगा।

पहली किस्त ₹39,375 मृदा कार्य पूरा होने पर दी जाएगी, जबकि दूसरी किस्त ₹13,125 पक्का इनलेट और परियोजना बोर्ड बनने के बाद जारी होगी।

सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अनिवार्य, तभी मिलेगा लाभ

खेत तालाब योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली (माइक्रो इरिगेशन) स्थापित करना अनिवार्य होगा। या तो किसान पहले से यह सिस्टम लगाए हों या फिर उद्यान विभाग के साथ त्रिपक्षीय अनुबंध के जरिए इसे स्थापित करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

पम्पसेट पर भी मिलेगा अतिरिक्त अनुदान

योजना के तहत पम्पसेट लगाने पर भी किसानों को 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹15,000 तक की सब्सिडी दी जाएगी। हालांकि, इसके लिए शर्त है कि किसान ने पहले सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली स्थापित की हो और खेत तालाब का निर्माण कार्य पूरा कर लिया हो।

ऐसे करें आवेदन, पहले आओ-पहले पाओ का मौका

इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी, इसलिए सीमित लक्ष्य के चलते जल्द आवेदन करना जरूरी है। इस योजना का उद्देश्य न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी समाधान उपलब्ध कराना भी है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *