बैंक डकैती के बाद UP में नई वारदात की प्लानिंग, STF ने 3 अंतरराज्यीय लुटेरों को किया गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए झारखंड के हजारीबाग बैंक डकैती कांड से जुड़े तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी न सिर्फ बड़ी डकैतियों में शामिल थे, बल्कि उत्तर प्रदेश में भी नई वारदातों की योजना बना रहे थे।

सारनाथ से गिरफ्तारी, भारी मात्रा में नगदी और सोना बरामद

पुख्ता इनपुट के आधार पर STF टीम ने सारनाथ के सिंहपुर इलाके में दबिश दी, जहां एक मकान से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान लाखों रुपये की नगदी, सोने के आभूषण, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही पुराने अपराधों से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी हाथ लगे हैं।

सोना लूटकर प्रॉपर्टी में निवेश, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह ने अब तक कई कुंतल सोना लूटकर उसे बेच दिया और उससे मिली रकम को गोरखपुर और मऊ सहित कई जगहों पर जमीन और रियल एस्टेट में निवेश किया। आरोपियों ने अपने परिजनों के नाम पर भी करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली थी। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और अवैध कमाई की गहराई से जांच कर रही है।

बैंक और गोल्ड लोन कंपनियां थीं मुख्य निशाना

STF के अनुसार, यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी विभिन्न राज्यों में घूमकर शहर के बाहरी इलाकों में स्थित कम भीड़भाड़ वाले बैंक और प्राइवेट गोल्ड लोन कंपनियों को टारगेट करते थे। वे ऐसी जगहों का चयन करते थे, जहां सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर हो।

डकैती से पहले महीनों तक रैकी, दोपहर में करते थे वारदात

गिरोह वारदात से एक-दो महीने पहले बैंक की पूरी रेकी करता था, जिसमें अंदरूनी व्यवस्था और फरार होने के रास्तों का गहन अध्ययन शामिल था। पूरी योजना तैयार होने के बाद आमतौर पर दोपहर करीब 3 बजे के आसपास डकैती को अंजाम दिया जाता था।

पूछताछ में कबूली कई बड़ी डकैतियां

गिरफ्तार आरोपियों ने देश के विभिन्न हिस्सों में कई बड़ी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनमें- दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) में मुथुट फाइनेंस से लगभग 36 किलोग्राम सोने की लूट (2013), कोलकाता में IIFL फाइनेंस से करीब 14 किलोग्राम सोने की डकैती (2015), रुड़की (उत्तराखंड) में IIFL फाइनेंस में वारदात का प्रयास, जहां सीमित रकम हाथ लगी (2019), कोलकाता में मण्णापुरम गोल्ड फाइनेंस में लूट की कोशिश, जहां चेकिंग के दौरान सोना छोड़कर भागना पड़ा (2021), गया (बिहार) में आशीर्वाद गोल्ड लोन से करीब 2 किलोग्राम सोने की लूट (2021), पटना (बिहार) में IIFL फाइनेंस से करीब 8 किलोग्राम सोना लूटा (2022)

पूरे सिंडिकेट की जांच में जुटी पुलिस

STF अब इस अंतरराज्यीय गिरोह के बाकी सदस्यों, फंड ट्रेल और संपत्तियों की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

ALSO READ – Chandauli News: सकलडीहा में समाधान दिवस, बिजली व पुलिस विभाग की सबसे ज्यादा शिकायतें


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *