घर से निकला था खेलने… कुछ घंटों बाद पानी की टंकी में मिला मासूम का शव

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के सुनडेहरा गांव में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 12 वर्षीय बालवीर उर्फ छक्कू की नवनिर्मित शौचालय की पानी टंकी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।

बताया जा रहा है कि बालवीर, राजकुमार का पुत्र था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह घर से बाहर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। दोपहर करीब 1 बजे तक बेटे के घर न लौटने पर मां ऊषा देवी को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।

घंटों तलाश के बाद मिला दर्दनाक सच

परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन बालवीर का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता राजकुमार भी उसकी तलाश में निकल पड़े। खोजबीन करते हुए वह घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत में बन रहे नए मकान तक पहुंचे।

वहां पहुंचने पर जो दृश्य सामने आया, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। नवनिर्मित शौचालय की पानी से भरी टंकी में बालवीर का शव पड़ा मिला। बेटे को इस हालत में देखकर पिता की चीख निकल गई।

ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया शव

राजकुमार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से बालवीर के शव को पानी की टंकी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध दिखाई दिया। मृतक के माता-पिता राजकुमार और ऊषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।

बिना पुलिस सूचना के किया अंतिम संस्कार

घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आपसी सहमति से मृतक बालवीर का अंतिम संस्कार बलुआ घाट पर कर दिया। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन स्थलों और खुले पानी के स्रोतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *