मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, फिटनेस और बिजनेस की दुनिया में थी पहचान

Spread the love & Share it

Prateek Yadav Death News

Prateek Yadav Death News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे। उनके अचानक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव हमेशा राजनीति से दूरी बनाकर रखते थे। जहां एक ओर उनके सौतेले भाई अखिलेश यादव सक्रिय राजनीति में बड़ा चेहरा बने, वहीं प्रतीक ने कारोबारी दुनिया और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनका जन्म 7 जुलाई 1987 को हुआ था। मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी थीं, जिनसे अखिलेश यादव का जन्म हुआ। लंबे समय तक मुलायम सिंह यादव ने अपने निजी जीवन को सार्वजनिक नहीं किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपने परिवार को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी।

प्रतीक यादव की शुरुआती पढ़ाई लखनऊ के प्रतिष्ठित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा के लिए वे लंदन गए, जहां उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी।

शिक्षा पूरी करने के बाद प्रतीक यादव ने राजनीति के बजाय बिजनेस सेक्टर में कदम रखा। वे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे और लखनऊ में उनका अच्छा व्यवसाय माना जाता था। इसके अलावा उन्हें लग्जरी कारों का भी शौक था और उनके पास कई महंगी गाड़ियों का कलेक्शन बताया जाता है।

प्रतीक यादव फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग को लेकर भी काफी चर्चित रहते थे। वे खुद फिटनेस प्रेमी थे और जिम ट्रेनर के तौर पर भी काम कर चुके थे। लखनऊ में उनका एक जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से संचालित होता था, जो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता था।

प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। दोनों लंबे समय तक रिश्ते में रहने के बाद साल 2012 में विवाह बंधन में बंधे थे। अपर्णा यादव ने बाद में राजनीति में कदम रखा और 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट सीट से चुनाव भी लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में 2022 में वह भाजपा में शामिल हो गईं।

हाल ही में प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के रिश्ते को लेकर तलाक की चर्चाएं भी सामने आई थीं, लेकिन प्रतीक यादव ने खुद इन खबरों को गलत बताते हुए खारिज कर दिया था। अब उनके अचानक निधन की खबर ने पूरे परिवार और समर्थकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *