
Chandauli News: चंदौली के चहनिया विकासखंड क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े एक कथित घोटाले का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने पूर्ति विभाग और स्थानीय कोटेदार पर मृत व्यक्तियों के नाम पर राशन वितरण, फर्जी तरीके से यूनिट बढ़ाने और शिकायत करने पर धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद जांच की मांग तेज हो गई है।
नदेसर गांव निवासी शिकायतकर्ता बुल्लू यादव ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एसडीएम कुंदन राज कपूर को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से कोटेदार और पूर्ति विभाग की मिलीभगत से मृत व्यक्तियों के नाम पर राशन का उठान किया जा रहा है। इतना ही नहीं, मृत लाभार्थियों के राशन कार्ड से नाम हटाए बिना उनमें नए सदस्यों के नाम जोड़कर यूनिट भी बढ़ाई जा रही हैं।
मृतकों के कार्ड में बढ़ाई गई यूनिट
शिकायतकर्ता के अनुसार नदेसर गांव की शकुंतला और सहदेई की मृत्यु लगभग दो वर्ष पूर्व हो चुकी है। इसके बावजूद दोनों के नाम राशन कार्ड से नहीं हटाए गए। आरोप है कि 16 जून को शकुंतला के राशन कार्ड में दो यूनिट और सहदेई के कार्ड में चार यूनिट जोड़ दी गईं, जिससे दोनों मृतक कार्डधारकों की कुल यूनिट छह-छह हो गई।
कोटेदार पर भी गंभीर आरोप
बुल्लू यादव ने आरोप लगाया कि नदेसर ग्राम पंचायत का कोटेदार आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है। शिकायत के अनुसार कोटेदार के पास तीन कपड़ों के शोरूम, पर्याप्त कृषि भूमि और ट्रैक्टर हैं तथा वह आयकर भी जमा करता है। इसके बावजूद उसे अंत्योदय कार्ड के साथ तीन पात्र गृहस्थी राशन कार्ड भी आवंटित किए गए हैं। आरोप है कि इसके माध्यम से वह हर महीने लगभग 120 किलोग्राम खाद्यान्न उठा रहा है।
शिकायत पर जांच, फिर धमकी का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी, एसडीएम और संपूर्ण समाधान दिवस में की, तो जांच के लिए पहुंची महिला पूर्ति निरीक्षक ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो उनकी मां का राशन कार्ड बंद कर दिया जाएगा। शिकायतकर्ता ने इसे सरकारी पद का दुरुपयोग बताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी विवादों में रही हैं पूर्ति निरीक्षक
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि संबंधित पूर्ति निरीक्षक की कार्यशैली को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं और उनका नाम कई विवादों में चर्चा का विषय रहा है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी बासदेव तिवारी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।