अमरनाथ यात्रा 2026: 57 दिनों के लिए लागू होंगे नए नियम, टनल टाइमिंग से लेकर बीमा तक बड़ा बदलाव

Spread the love & Share it

Amarnath Yatra 2026

Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाली 57 दिवसीय पवित्र यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। पुलिस ने यात्रियों, पर्यटकों और आम लोगों से तय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नवयुग टनल के लिए तय की गई नई समय सीमा

यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा अवधि के दौरान नवयुग टनल से सामान्य वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है।

जारी एडवाइजरी के अनुसार, कश्मीर से जम्मू की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों को प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से पहले नवयुग टनल पार करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं जम्मू से कश्मीर की ओर जाने वाले वाहनों को दोपहर 3 बजे के बाद टनल पार करने की इजाजत नहीं मिलेगी।

इसके अलावा घाटी के भीतर भी विभिन्न स्थानों के लिए कट-ऑफ समय निर्धारित किया गया है। मीर बाजार से श्रीनगर और अनंतनाग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए शाम 4 बजे तक का समय तय किया गया है, जबकि नवयुग टनल की ओर जाने वाले वाहनों को शाम 5 बजे से पहले टनल पार करनी होगी।

अमरनाथ यात्रियों के लिए बीमा कवर दोगुना

इस बार यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर भी है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने दुर्घटना बीमा कवर को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया है।

पहले यह बीमा राशि 5 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। यह सुविधा सभी पंजीकृत तीर्थयात्रियों, श्राइन बोर्ड कर्मचारियों, मौसमी कर्मचारियों, अधिकारियों और यात्रा से जुड़े अन्य लोगों को मिलेगी। इसके लिए यात्रियों से किसी अतिरिक्त शुल्क या प्रीमियम की वसूली नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारी

यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एक हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों यात्रा मार्गों पर 70-70 बेड क्षमता वाले दो आधुनिक फील्ड अस्पताल स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 100 एंबुलेंस भी तैनात की जाएंगी, जिनमें बेसिक और एडवांस दोनों प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

वैध परमिट वाले यात्रियों को मिलेगी मुफ्त आवास सुविधा

श्राइन बोर्ड की ओर से वैध यात्रा परमिट रखने वाले पंजीकृत श्रद्धालुओं को मुफ्त ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान भोजन, आवास, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

यात्रा पर जाने से पहले ये सलाह जरूर मानें

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से तैयार करें। निर्धारित कट-ऑफ समय से पहले यात्रा शुरू करें और सुरक्षा जांच, मौसम की स्थिति तथा ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

प्रशासन का कहना है कि नियमों का पालन करने से यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम बन सकेगी।

दो मार्गों से होगी अमरनाथ यात्रा

इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। श्रद्धालुओं के लिए दो मार्ग उपलब्ध रहेंगे।

पहला पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग है, जबकि दूसरा 14 किलोमीटर लंबा लेकिन अपेक्षाकृत अधिक दुर्गम बालटाल मार्ग है। हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचने की उम्मीद है।

यात्रा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *