चंदौली में संपूर्ण समाधान दिवस: DM ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम- 7 दिन में निपटाएं शिकायतें

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली की सभी पांच तहसीलों में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। चकिया तहसील में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्वयं लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों की रेंडम जांच कराई जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी मामले में लापरवाही या अनियमितता मिली, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

चकिया तहसील में सबसे अधिक पहुंचे भूमि विवाद के मामले

चकिया तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष तीन दर्जन से अधिक शिकायतें आईं। इनमें भूमि विवाद, पुलिस, वन विभाग, पंचायती राज तथा अन्य विभागों से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

जमीन के मामलों की संयुक्त जांच के निर्देश

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करेगी और समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। वहीं अन्य विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे मौके पर पहुंचकर शिकायतों की निष्पक्ष जांच करें और तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि लोग प्रशासन पर भरोसा करके अपनी समस्याएं लेकर आते हैं। ऐसे में प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायपूर्ण निस्तारण प्रशासन की जिम्मेदारी है।

सभी तहसीलों में हुई जनसुनवाई

संपूर्ण समाधान दिवस के तहत जिले की सभी पांच तहसीलों में अधिकारियों ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी विजय कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं पर सुनवाई की और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, परियोजना निदेशक बी.बी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *