राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का विरोध, वाराणसी में निकाली ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद को लेकर मंगलवार को वाराणसी में जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली। तुलसी मानस मंदिर से शुरू होकर सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर तक निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। यात्रा के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश व प्रदेश में सत्य, न्याय और सद्भाव की कामना की।

कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की।

‘मंदिरों की आस्था और पारदर्शिता की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी’

पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि मंदिर किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में मंदिरों के चढ़ावे की सुरक्षा और व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

राघवेंद्र चौबे बोले- निष्पक्ष जांच हो, रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित प्रकरण ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि यदि मंदिरों की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराकर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

उन्होंने कहा कि मंदिरों की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा करना सरकार का दायित्व है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

हनुमान मंदिर में किया सामूहिक पाठ

पदयात्रा तुलसी मानस मंदिर से विभिन्न मार्गों से होती हुई सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर पहुंची। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और भगवान श्रीहनुमान व भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश और समाज में सत्य, न्याय, सद्भाव तथा सुशासन की कामना की। साथ ही सत्ता में बैठे लोगों को जनभावनाओं का सम्मान करने की सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना भी की गई।

लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की बात

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी तथा आस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

इस अवसर पर संजीव सिंह, फ़साहत हुसैन बाबू, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, गिरीश पांडेय, अशोक सिंह, सुनील श्रीवास्तव, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, विनोद सिंह, चंचल शर्मा, धीरज सोनकर, सुनील राय, अफसर खान, संतोष मौर्य, रोहित दुबे, घनश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *