चंदौली: निर्माणाधीन न्यायालय भवन का DM ने किया निरीक्षण, बोले- समय सीमा में पूरा हो निर्माण कार्य

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में न्यायिक सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से बन रहे नए न्यायालय भवन का सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की रफ्तार अपेक्षा से धीमी मिलने पर कार्यदायी संस्था को मैनपावर और मशीनरी बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।

निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अदालत कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था, आम वादकारियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मौके पर मौजूद इंजीनियरों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की स्थिति और गुणवत्ता को लेकर विस्तार से चर्चा भी की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परियोजना को हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द न्यायालय भवन का लाभ अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों को मिल सके।

गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सुविधाओं और सुरक्षा पर भी दिया विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नए न्यायालय भवन में आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर में पेयजल, शौचालय, पार्किंग, प्रतीक्षालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा परिसर में हरियाली विकसित करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *