चंदौली में 24 घंटे से गुल बिजली! 11 हजार वोल्ट का पोल गिरा, दर्जनों गांव अंधेरे में; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love & Share it

Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा ग्रामीण उपकेंद्र से जुड़े ओरवा गांव में 11 हजार वोल्ट का बिजली पोल गिरने के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। घटना के 24 घंटे बाद भी पोल की मरम्मत नहीं हो सकी, जिससे दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। बिजली आपूर्ति बहाल न होने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पोल गिरते ही कई फीडरों की बिजली आपूर्ति हुई प्रभावित

सकलडीहा ग्रामीण उपकेंद्र से सकलडीहा सेकेंड, कुछमन, नोनार, कमालपुर और चहनियां समेत पांच फीडरों से बिजली आपूर्ति होती है। बुधवार दोपहर चहनियां फीडर के ओरवा गांव में 11 हजार वोल्ट का बिजली पोल अचानक गिर गया। पोल गिरने से हाईटेंशन लाइन खेत में जा गिरी और सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इसका असर आसपास के दर्जनों गांवों पर पड़ा।

बिजली नहीं, तो रोजमर्रा की जिंदगी भी थम गई

लगातार बिजली गुल रहने से घरों के पंखे, कूलर, पानी की मोटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली पर निर्भर छोटे व्यवसाय और दैनिक कार्य भी पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण बोले- कई बार शिकायत की, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीण भाईलाल, संतोष, सरोज और रौनक सहित कई लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित बिजली पोल काफी समय से झुका हुआ था। इसकी जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों और एसडीओ को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पहले मरम्मत कर दी जाती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।

एसडीओ बोले- जानकारी नहीं थी, जेई ने बताई वजह

जब इस संबंध में एसडीओ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें पोल गिरने की जानकारी नहीं थी और उन्होंने मामले की जानकारी लेने की बात कही। वहीं जूनियर इंजीनियर (जेई) मनीष कुमार ने बताया कि खेत में पानी भरने और किसानों द्वारा पोल के आसपास की मिट्टी काटे जाने से पोल असंतुलित होकर गिर गया।

जल्द बिजली बहाल करने का दावा

जेई मनीष कुमार ने बताया कि बिजली कर्मियों को मौके पर भेज दिया गया है और नए पोल लगाने तथा लाइन दुरुस्त करने का काम तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरम्मत पूरी होते ही प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बिजली नहीं आई तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *