
Chandauli News: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले की एक और गंभीर घटना सामने आई है। सावन माह के मद्देनजर मांस की दुकानों पर प्रशासनिक नोटिस तामील कराने पहुंची दुल्हीपुर चौकी पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट की गई, उनकी सरकारी वर्दी फाड़ दी गई और नेम प्लेट भी तोड़ दी गई। मामले में 8 नामजद और 4 अज्ञात समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नोटिस तामील कराने पहुंची थी पुलिस, वहीं से शुरू हुआ विवाद
दुल्हीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह की तहरीर के अनुसार, एक अगस्त की शाम करीब 6:50 बजे चौकी पर तैनात कांस्टेबल बालकृष्ण यादव और महिला आरक्षी मोहित यादव सावन माह के दौरान मांस और मुर्गे की दुकानों पर प्रशासनिक नोटिस तामील कराने पहुंचे थे।
इसी दौरान दुल्हीपुर निवासी प्रिंस सोनकर ने कथित तौर पर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद और बढ़ गया।
चौकी प्रभारी की वर्दी फाड़ी, नेम प्लेट तोड़ी
एफआईआर के अनुसार, प्रिंस सोनकर के साथ उसके भाई गौतम, अभिषेक, अमरजीत, छोटू, पिता रमेश सोनकर, मां, बहन तथा अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर पुलिस टीम को घेर लिया और हमला कर दिया।
हमले के दौरान चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह की सरकारी वर्दी फाड़ दी गई, उनकी नेम प्लेट तोड़ दी गई और उनके सिर पर हमला करने का प्रयास किया गया। बचाव के दौरान उनकी आंख के पास चोट आई। वहीं कांस्टेबल बालकृष्ण यादव का गला दबाने की भी कोशिश की गई। इस पूरी घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
पुलिस का आरोप है कि हंगामे के दौरान आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ पुलिस टीम को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। एफआईआर के मुताबिक जाते-जाते आरोपियों ने कहा कि, “आज तो बच गए, यहां से ट्रांसफर कराकर चले जाना, नहीं तो जान से मार देंगे।”
8 नामजद समेत 12 लोगों पर मुकदमा
घटना के बाद शनिवार देर रात मुगलसराय कोतवाली में 8 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर दिया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।