यह केवल आंकड़ों का बजट नहीं: CM योगी ने बताया क्यों खास है केंद्रीय बजट 2026-27

Spread the love & Share it

CM Yogi on Budget 2026

CM Yogi on Budget 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रेस वार्ता की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किए गए इस बजट को ‘विजनरी’ करार देते हुए पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। सीएम योगी ने कहा कि यह बजट सुधार, विकास और वित्तीय अनुशासन का स्पष्ट संदेश देता है, जो आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने वाला है।

सीएम योगी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में नीतियां केवल कागजों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि धरातल पर उतरी हैं। इसका परिणाम है कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं और भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने बजट को गरीब, वंचित और समावेशी बताया, जिसमें किसान, युवा, महिला और गरीब सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।

यूपी के लिए प्रमुख लाभ और संभावनाएं

  • एमएसएमई सेक्टर: 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान यूपी के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगा, जहां 96 लाख से अधिक एमएसएमई यूनिट हैं। ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) को डिजाइन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और एक्सपोर्ट में मजबूती मिलेगी।
  • महिला सशक्तिकरण: महिला कार्यबल में तेजी आई है। पिछले वर्ष 7 हॉस्टल मिले थे, अब हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का प्रावधान स्वागतयोग्य है।
  • पर्यटन और माघ मेला: माघ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ (मकर संक्रांति पर ढाई करोड़, मौनी अमावस्या पर 4.5 करोड़ आदि) से पर्यटन की नई ऊंचाई मिलेगी। 10 हजार टूरिस्ट गाइड का प्रावधान यूपी के कई पर्यटन केंद्रों को लाभ पहुंचाएगा।
  • इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर: देश के कुल मोबाइल प्रोडक्शन का 55% और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का 60% यूपी में हो रहा है, दो लाख करोड़ का उत्पादन। सेमीकंडक्टर पार्क से बड़ा लाभ मिलेगा।
  • स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर: 98 जिला अस्पतालों की क्षमता दोगुनी होगी, ट्रॉमा सेंटर खुलेंगे, गोल्डन ऑवर में जानें बचेंगी। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा, वाराणसी में आयुर्वेद विश्वविद्यालय बनेगा।
  • खेल और अन्य: समर्थ योजना से स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग, मेरठ स्पोर्ट्स क्लस्टर, आगरा-लखनऊ लेदर क्लस्टर में विकास। स्पोर्ट्स अकादमी और संस्थान बनेंगे।

सीएम योगी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, शहरी विकास, स्वास्थ्य, पर्यटन, एमएसएमई और उद्योग के प्रावधान यूपी में लाखों रोजगार सृजित करेंगे। युवा, महिला और एमएसएमई सेक्टर के लोग विशेष लाभान्वित होंगे। सेमीकंडक्टर और लॉजिस्टिक्स से युवाओं को बड़ा अवसर मिलेगा।

उन्होंने बजट को ‘कर्तव्य भवन’ से आया पहला बजट बताते हुए कहा कि यह हर नागरिक के मूल कर्तव्यों की ओर ध्यान आकर्षित करता है। वित्त आयोग की रिपोर्ट में यूपी को सबसे ज्यादा हिस्सेदारी मिलेगी।

अंत में सीएम योगी ने कहा कि इसी बजट के आधार पर फरवरी में प्रदेश का बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग इसे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की नजर से देख रहे हैं, उनका ध्यान केवल परिवार पर रहा, जबकि आज युवा आत्मगौरव के साथ आगे बढ़ रहा है।

ALSO READ – Budget 2026-27: महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान, ‘शी-मार्ट्स’ से लेकर हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *