
Chandauli News: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
बैठक के दौरान किसानों ने जंगली जानवरों और नीलगायों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़ने और उचित स्थान पर भेजने के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे फार्मर रजिस्ट्री (किसान पहचान) अवश्य कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रों पर ही राजस्व कर्मियों द्वारा यह प्रक्रिया कराई जा रही है।
समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने गेहूं क्रय के बाद किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए तकनीक और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग जरूरी है।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण 7 कार्य दिवस के भीतर किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रगतिशील किसानों को आगे लाकर अन्य किसानों को प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने बैंकों के माध्यम से मिलने वाले ऋण में किसी प्रकार की बाधा न होने का भरोसा भी दिया।
प्रशासन की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि किसान राष्ट्र की रीढ़ हैं और प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसानों तक बिना बाधा पहुंचे।
