
West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संकेत दे दिया है। 293 सीटों पर जारी काउंटिंग में भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। वहीं, एक सीट फालता पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है।
भाजपा को बढ़त, टीएमसी पीछे
ताजा रुझानों के मुताबिक, भाजपा करीब 160 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) लगभग 117 सीटों पर आगे चल रही है। इस तस्वीर से साफ है कि मुकाबला भले ही कड़ा हो, लेकिन फिलहाल भाजपा बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में दिख रही है।

एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित होते नजर आए
चुनाव से पहले जारी किए गए एग्जिट पोल भी अब काफी हद तक सटीक नजर आ रहे हैं। आठ प्रमुख एग्जिट पोल में से छह ने भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया था, जबकि दो में टीएमसी के पक्ष में नतीजे बताए गए थे। मौजूदा रुझान इन आकलनों की पुष्टि करते दिख रहे हैं।
दिग्गजों की सीटों पर रोमांचक मुकाबला
सबसे ज्यादा नजर भवानीपुर सीट पर टिकी हुई है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिलहाल पीछे चल रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के सुवेंदु अधिकारी यहां बढ़त बनाए हुए हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
वहीं, पानीहाटी सीट पर आरजीकर अस्पताल रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ (भाजपा) ने अच्छी बढ़त हासिल की है, जो इस सीट को भी चर्चा में बनाए हुए है।
‘मोदी फैक्टर’ वाले इलाके में BJP का प्रदर्शन मजबूत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रचार वाले इलाकों में भाजपा को खास बढ़त मिलती दिख रही है। जिन क्षेत्रों में उन्होंने प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाई थी, वहां की चारों सीटों—झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम—पर भाजपा आगे चल रही है।
अभी रुझान, अंतिम नतीजों का इंतजार
हालांकि ये आंकड़े शुरुआती रुझानों पर आधारित हैं और आधिकारिक नतीजे आने में अभी समय लग सकता है। लेकिन मौजूदा स्थिति में भाजपा की बढ़त स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिसने राज्य की सियासत को नया मोड़ दे दिया है।
राज्य भर की नजरें अब अंतिम परिणामों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किसकी बनेगी और क्या सत्ता परिवर्तन का दौर शुरू होगा।