
BPSC TRE-4 News: पटना में शुक्रवार को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी न होने को लेकर हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और सरकार व बीपीएससी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। हालात उस समय बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे और पुलिस से उनकी झड़प हो गई।
मुख्यमंत्री आवास मार्च के दौरान बिगड़े हालात
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास तक अपनी मांग पहुंचाना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित किया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार भर्ती प्रक्रिया को टाल रही है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि लंबे समय से TRE-4 भर्ती का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
उम्र सीमा खत्म होने का डर, बढ़ी नाराजगी
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण कई उम्मीदवार ओवरएज होने की कगार पर पहुंच गए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि बार-बार तारीखें देने के बावजूद सरकार और बीपीएससी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं कर रहे हैं।
छात्रों के मुताबिक, BPSC कैलेंडर में TRE-4 परीक्षा 24 अगस्त 2024 को प्रस्तावित थी और रिजल्ट 24 सितंबर 2024 तक जारी होना था, लेकिन अब तक भर्ती का विज्ञापन तक सामने नहीं आया।
सोशल मीडिया पर भी चला अभियान
TRE-4 नोटिफिकेशन जारी कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर भी बड़ा अभियान चलाया। छात्रों ने #Release_TRE4_Notification ट्रेंड कर सरकार और बीपीएससी तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की।
शिक्षा विभाग की ओर से पहले दावा किया गया था कि 19-20 अप्रैल तक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, लेकिन तय तारीख गुजरने के बाद भी कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
46 हजार 882 पदों पर होनी है भर्ती
जानकारी के अनुसार TRE-4 के जरिए बिहार में 46,882 शिक्षकों की भर्ती की जानी है। लाखों अभ्यर्थी पिछले करीब दो वर्षों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने दिया आश्वासन
छात्रों के प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि सरकार अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि हर समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को टालने के बजाय जल्द समाधान की दिशा में काम करेगी।
भर्ती में देरी से बढ़ा युवाओं का गुस्सा
पटना में हुए प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि TRE-4 भर्ती अब बिहार में बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर जल्द नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं सरकार पर अब भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।