चंदौली के अस्पताल में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, भागते आरोपी को ऑटो चालक ने दबोचा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भर्ती महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अस्पताल परिसर से फायरिंग करते हुए भागने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद एक ऑटो चालक ने बहादुरी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। बाद में भीड़ ने आरोपी को घेर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना शहर मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित जीवक अस्पताल की है। मृत महिला की पहचान बिहार के भभुआ निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है। वह पैर टूटने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थीं।

मुंह बांधकर अस्पताल में घुसा आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक युवक मुंह बांधकर अस्पताल के अंदर पहुंचा। वह सीधे उस वार्ड में गया जहां महिला भर्ती थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला के पास पहुंचते ही पिस्टल कनपटी पर सटाई और गोली चला दी।

गोली लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आरोपी तेजी से बाहर निकलने लगा और रास्ते में फायरिंग भी की।

ऑटो चालक ने दिखाई बहादुरी

अस्पताल के बाहर मौजूद ऑटो चालक विनोद दुबे ने बताया कि वह उसी समय एक मरीज को छोड़ने आया था। गोली चलने और लोगों के शोर मचाने पर उसने आरोपी का पीछा किया।

विनोद के मुताबिक आरोपी ने उस पर भी पिस्टल तान दी, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए आरोपी का हाथ पकड़ लिया। हाथापाई के दौरान पिस्टल नीचे गिर गई और फिर लोगों की मदद से आरोपी को दबोच लिया गया।

कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और आरोपी की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

बिहार की रहने वाली थी मृत महिला

पुलिस के अनुसार मृत महिला बिहार के भभुआ जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बहोवना गांव की निवासी थी। उनका पैर टूट गया था, जिसके बाद उन्हें 5 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके साथ एक रिश्तेदार भी अस्पताल में मौजूद था। फिलहाल परिवार के लोग भी आरोपी को पहचानने से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीजी पीयूष मोर्डिया ने अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।

एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी के पास से पिस्टल और करीब 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *