
DRDO Internship 2026: रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के प्रतिष्ठित संस्थान रक्षा जैव-अभियांत्रिकी एवं विद्युत-चिकित्सा प्रयोगशाला (DEBEL) ने वर्ष 2026 के लिए फुल टाइम पेड इंटर्नशिप कार्यक्रम की घोषणा की है। इंजीनियरिंग और साइंस के छात्रों के लिए यह इंटर्नशिप डिफेंस रिसर्च और एडवांस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने का सुनहरा अवसर मानी जा रही है।
डीआरडीओ की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह इंटर्नशिप छह महीने की होगी और इसकी शुरुआत 1 जुलाई 2026 से की जाएगी। कार्यक्रम के तहत कुल 8 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं, हालांकि जरूरत के अनुसार सीटों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है। चयनित छात्रों को कुल 30 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसमें पहले तीन महीने पूरे होने पर 15 हजार रुपये और इंटर्नशिप समाप्त होने पर शेष 15 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को 18 जून 2026 तक सूचना दे दी जाएगी।
डीआरडीओ के अनुसार, आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त UGC/AICTE संस्थान में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। केवल वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जो यूजी या पीजी कोर्स के अंतिम वर्ष में हों या वर्ष 2026-27 में फाइनल ईयर में प्रवेश करने जा रहे हों। इसके साथ ही उम्मीदवार का कोर्स फुल टाइम होना जरूरी है।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से CGPA और शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इंटरव्यू या इंटरैक्शन भी आयोजित किया जा सकता है। हालांकि आवेदन करना चयन की गारंटी नहीं माना जाएगा और केवल शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों से ही संपर्क किया जाएगा।
आवेदन के साथ छात्रों को भरा हुआ आवेदन फॉर्म, शैक्षणिक मार्कशीट, कॉलेज से अनुमति पत्र, GATE स्कोर कार्ड (यदि लागू हो) और अंडरटेकिंग फॉर्म जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को डीआरडीओ की आधिकारिक नोटिफिकेशन से फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरने के बाद सभी दस्तावेजों के साथ निर्धारित पते पर भेजना होगा।
आवेदन भेजने का पता इस प्रकार है —
- Defence Bioengineering and Electromedical Laboratory (DEBEL)
- ADE Campus, New Thippasandra,
- Bengaluru – 560075
डीआरडीओ ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की देरी या आवेदन निरस्त होने की स्थिति से बचा जा सके।