बलुआ पुल से गंगा में कूदे युवक का तीसरे दिन मिला शव, बाइक पर रखा था पर्स

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में गंगा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीसरे दिन बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर के रूप में हुई है, जो उदयपुर गांव का रहने वाला था। युवक शुक्रवार रात बलुआ पुल पर बाइक खड़ी कर गंगा में कूद गया था। रविवार को उसका शव महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे उतराया मिला।

पुल पर बाइक खड़ी कर गंगा में लगा दी छलांग

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात एक युवक बलुआ पुल पर अपनी बाइक खड़ी कर अचानक गंगा नदी की ओर बढ़ा। उसने अपनी जेब से पर्स निकालकर बाइक पर रखा और फिर नदी में छलांग लगा दी। पीछे से गुजर रहे लोगों ने पूरी घटना देखी तो मौके पर हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद निजी गोताखोरों और नाव की मदद से रातभर युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

तीसरे दिन गंगा किनारे मिला शव

लगातार खोजबीन के बीच रविवार को बलुआ क्षेत्र के महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे एक शव उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।

इससे पहले पुलिस ने शनिवार को पुल पर मिली बाइक की तस्वीर वायरल कर युवक की पहचान कराने की कोशिश की थी। वायरल फोटो देखने के बाद परिजन थाने पहुंचे और शव की पहचान रामप्रसाद राजभर के रूप में की।

ट्रक मैकेनिक था मृतक युवक

पुलिस के मुताबिक मृतक रामप्रसाद राजभर चोलापुर थाना क्षेत्र के बलुआ (उदयपुर) गांव निवासी जुलाब राजभर का पुत्र था। वह पेशे से ट्रक मैकेनिक का काम करता था।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात वह घर से चिकन लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में पुलिस से घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *