चंदौली में 2 साल से फरार 50 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, STF ने फ्लाईओवर के पास दबोचा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में एसटीएफ और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजदेव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गौवंश तस्करी मामले में मुकदमा दर्ज था और उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।

अहमदगंज फ्लाईओवर के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को अहमदगंज फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के पद्धनातपुर गांव निवासी राजदेव शर्मा के रूप में हुई है।

डीआईजी वैभव कृष्ण ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

25 गौवंश बरामदगी मामले में था वांछित

पूरा मामला 31 जनवरी 2024 का बताया जा रहा है। उस समय सदर कोतवाली पुलिस ने एक मिनी ट्रक पकड़ा था, जिसमें 25 गौवंश बरामद किए गए थे। कार्रवाई के दौरान मौके से धर्मेंद्र यादव और जयप्रकाश उर्फ करिया नामक दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जब्त मिनी ट्रक राजदेव शर्मा के नाम पर पंजीकृत था और वह भी इस पूरे नेटवर्क में शामिल है। इसके बाद पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया था।

पुलिस को लंबे समय से थी तलाश

गौतस्करी मामले में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। कई बार दबिश भी दी गई, लेकिन हर बार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था।

आखिरकार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस कर रही आगे की जांच

सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली में गौवंश तस्करी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *